बुधवार, 15 अगस्त 2007

आगरा : हथिया लिया ताज मोमेंटो


आप आगरा को जानते हैं, क्योंकि आप ताजमहल को जानते हैं. मगर आप यह नहीं जानते कि आगरा की मेयर ने न्यू सेवन वंडर्स फाउंडेशन की ओर से मिला मोमेंटो हथिया लिया है. जब ताजमहल को नए सात आश्चर्यों में शामिल करने की मुहिम चली तो पूरे देश के अलावा दुनिया के कोने कोने में बिखरे ताज के प्रशंसकों ने वोट किए. ताजमहल को न्यू सेवन वंडर्स में जगह मिली. आयोजक संस्था न्‍यू सेवन वंडर्स फाउंडेशन की ओर से पुर्तगाल के लिस्बन शहर में आयोजित किए गए भव्‍य औपचारिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ताजसिटी आगरा की मेयर अंजुला सिंह माहौर को आमंत्रित किया गया. मेयर ने उस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर ताजमहल के लिए दिए गए प्रतीक चिन्ह को ग्रहण किया और देश वापस लौटीं. इसके बाद उन्होंने जगह जगह घूमकर मोमेंटो की नुमाइश की और फोटो खिंचवाए. अब मेयर ने मोमेंटो हथिया लिया है. वह हर समय उनके पास रहता है और उनके कार्यालय की शोभा बढ़ा रहा है. हालांकि सभी यह चाहते हैं कि मोमेंटो को ताजमहल परिसर में स्थित ताज म्यूजियम में रखा जाय. यह तर्कसंगत भी है, मगर मेयर अपनी जिद पर अड़ी हुई हैं. उनका तर्क है कि मोमेंटो को लेने वह अपने खर्च पर लिस्बन गईं थीं, लिहाजा उस पर उनका हक बनता है. केन्द्र सरकार भी संग्रहालय में रखने के लिए उनसे मोमेंटो मांग रही है, मगर वे नहीं सौंप रहीं हैं. आगरा में पिछले दिनों विभिन्न संस्थाओं ने मेयर के इस रवैये के प्रति मोर्चा खोल दिया. जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हुए, नारेबाजी हुई, मगर मेयर की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ा. ताज मोमेंटो आज भी उनके पास है.

गुरुवार, 26 जुलाई 2007

अखबार की दुर्लभ कतरनें : टाइटेनिक का डूबना

आपने टाइटेनिक का नाम सुना है... जरूर सुना होगा. उसके बारे में काफी कुछ पढ़ा भी होगा. उस पर बनी हॉलीवुडिया मूवी भी देखी होगी आपने. मगर क्‍या आपने उस दौर का कोई अखबार देखा है, जिसमें टाइटेनिक के डूबने का समाचार छपा. शायद नहीं... तो देखिए लगभग साढ़े नौ दशक पुराने अखबार के वे पन्‍ने, जो इस विशालकाय जहाज के डूबने की त्रासदी को बयां करते हैं.